6:22 pm Thursday , 3 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में दो पटाखा गोदाम सील, लाइसेंस से अधिक बारूद मिलने पर प्रशासन का बड़ा एक्शन।

बदायूं

बदायूं में दो पटाखा गोदाम सील, लाइसेंस से अधिक बारूद मिलने पर प्रशासन का बड़ा एक्शन।

कौशांबी-प्रयागराज बॉर्डर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद अलर्ट पर जिला प्रशासन, SDM सदर के नेतृत्व में पुलिस-फायर टीम ने की कार्रवाई।

बदायूं 3 सितंबर ।

कौशांबी-प्रयागराज सीमा पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद बदायूं जिला प्रशासन पटाखा कारोबारियों पर सख्त हो गया है। जिले में पटाखा गोदामों की जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार शाम से बृहस्पतिवार दोपहर तक प्रशासन ने दो पटाखा गोदामों को सील कर दिया। इनमें लाइसेंस में दर्ज क्षमता से अधिक अवैध रूप से बारूद और पटाखों का भंडारण मिला है।

यह कार्रवाई एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साई आश्रित साखमुरी के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई के बाद पटाखा कारोबारियों में खलबली मची हुई है।

एसडीएम सदर के नेतृत्व में पुलिस और फायर टीम ने बुधवार शाम उझानी में उझानी-बिल्सी रोड स्थित नविश इंटरप्राइजेज के गोदाम पर छापा मारा। यहां लाइसेंस में 2 किलो बारूद और 500 किलो पटाखे रखने की अनुमति थी, लेकिन मौके पर लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से कई गुना अधिक बारूद और पटाखों का भंडारण किया गया था। टीम ने देर रात करीब 2 बजे गोदाम को सील कर दिया।

इधर, बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर तक बदायूं शहर के कचहरी रेलवे फाटक, घोंचा पुल के पास स्थित जय मां ट्रेडर्स पटाखा गोदाम पर छापेमारी की गई। यहां भी क्षमता से अधिक बारूद मिलने के बाद दोपहर को गोदाम सील कर दिया गया।

प्रशासन की जांच अभी जारी है। बताया जा रहा है कि जिले में कुल 19 लाइसेंस हैं, जिनमें 10 थोक पटाखा लाइसेंस हैं और अन्य पर निर्माण भी किया जाता है। कई अन्य पटाखा गोदामों में भी क्षमता से अधिक बारूद होने की सूचनाएं प्रशासन को मिली हैं। अन्य गोदामों की भी जांच की जा रही है।

बता दें कि पूर्व के कुछ वर्षों में बदायूं जिले में अवैध रूप से पटाखा बनाने और बेचने के दौरान चार से अधिक बड़ी विस्फोट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में प्रसाशन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। धीरे धीरे सूचना मिलने पर अवैध आतिशबाजी के भंडारण पर इसी तरह छापेमारी की जाएंगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस