बदायूं
उझानी में डेंगू ने दी दस्तक, मुजाहिदपुर में मिला नया मरीज, आंकड़ा 27 पहुंचा।
बदांयू 3 सितंबर।
जिले में डेंगू का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब उझानी ब्लॉक के मुजाहिदपुर गांव में एक युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
जानकारी के अनुसार मुजाहिदपुर निवासी युवक नोएडा में नौकरी करता है। रक्षाबंधन पर वह घर आया था। घर आने के बाद तेज बुखार आने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में डेंगू पॉजिटिव मिला। युवक को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
मामले की सूचना पर जिला मलेरिया अधिकारी अमित तिवारी ने डेंगू वार्ड पहुंचकर मरीज का हाल जाना। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मुजाहिदपुर गांव पहुंची। गांव में बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, घर-घर लार्वा की तलाश कर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और शाम को फॉगिंग कराई गई।
अब तक जगत और दहगवां ब्लॉक डेंगू प्रभावित थे, अब उझानी भी इस सूची में शामिल हो गया है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मरीज नोएडा से आया है, उसकी हालत स्थिर है। गांव में सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए पंचायत विभाग को भी पत्र लिखा गया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


