बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के दिव्य स्वरूप और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत करते हुए राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में बच्चों ने राधा और श्रीकृष्ण के मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। श्रीकृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मुकुट, मोरपंख, बांसुरी एवं पीतांबर धारण किया, वहीं राधा रानी के रूप में सजी बालिकाओं ने सुंदर परिधान, आभूषण एवं श्रृंगार के माध्यम से ब्रज की संस्कृति को जीवंत कर दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण से भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री दिनेश मलिक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धर्म, परंपराओं एवं महान चरित्रों से परिचित कराना है। राधा-कृष्ण के प्रेम, करुणा, त्याग, भक्ति और सद्भाव के आदर्श बच्चों के जीवन में सकारात्मक संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायकों में श्री सुनील कुमार सिंह पुंडीर जिला समन्यवक बरेली संभाग, श्रीमती तरुण कपूर मातृशक्ति महानगर संयोजिका एवं सुरुचि जायसवाल दुर्गा वाहिनी महानगर संयोजिका, कीर्ति शर्मा, अध्यापिका एवं सीमा शर्मा ने बच्चों की वेशभूषा, प्रस्तुति, भाव-भंगिमा तथा आत्मविश्वास के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। सभी प्रतिभागी बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य रामकिशोर श्रीवास्तव ने सभी बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत किया। कार्यक्रम
संयोजिका नीलम मिश्रा, प्रियंका यादव धीरज जी रहे। उक्त कार्यक्रम की जानकारी शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


