बदायूं
उसावां के विवेक मोहन पाल को सपा ने सौंपी चार जिलों की संगठनात्मक कमान
बरेली मंडल में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने का मिला दायित्व, चौपाल और कैडर पंचायतों के जरिए कार्यकर्ताओं व जनता से संवाद पर जोर
केशव गुप्ता
बदायूं। समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक और अधिक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बदायूं के नगर पंचायत उसावां निवासी एवं पार्टी के सक्रिय नेता विवेक मोहन पाल को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार उन्हें बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर की विभिन्न विधानसभाओं में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का दायित्व दिया गया है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में विवेक मोहन पाल को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों से साझा करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
संगठन की इस नई भूमिका में केवल पार्टी का संदेश जनता तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर की प्रतिक्रिया को नेतृत्व तक पहुंचाना भी प्रमुख हिस्सा होगा। भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं से उनके सुझाव, अपेक्षाएं और संगठन से जुड़े मुद्दे जुटाकर उन्हें पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विवेक मोहन पाल को विधानसभावार कार्यक्रम तैयार कर पार्टी के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय के साथ संबंधित जिलाध्यक्षों एवं महानगर अध्यक्षों को भेजने और अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कहा गया है। ऐसे में उनकी नई जिम्मेदारी को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियान की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
जिम्मेदारी मिलने के बाद उसावां सहित बदायूं के स्थानीय समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि चार जिलों की विधानसभाओं में लगातार संपर्क और संवाद के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिल सकती है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि विवेक मोहन पाल इस जिम्मेदारी को किस रणनीति के साथ जमीन पर उतारते हैं।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


