8:56 pm Tuesday , 1 September 2026
BREAKING NEWS

अर्टिगा-बाइक की भिड़ंत के बाद बवाल, मारपीट और माल-जेवर छीनने का आरोप

बदायूं

अर्टिगा-बाइक की भिड़ंत के बाद बवाल, मारपीट और माल-जेवर छीनने का आरोप

केशव गुप्ता

हादसे में महिला समेत दो घायल, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी
बदायूं। थाना उसावा क्षेत्र के उसहैत-म्याऊं-गिल्टिया मार्ग पर अर्टिगा कार और बाइक की भिड़ंत के बाद मारपीट और माल-जेवर छीनने का मामला सामने आया है। हादसे में बाइक सवार महिला समेत दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने थाना उसावा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम खारिक नगला निवासी गुरवेंद्र पुत्र जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि गिल्टिया रोड पर तेज गति और लापरवाही से आ रही अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि टक्कर के बाद गिल्टिया गांव के कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और उनके तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि इसी दौरान उनके पास मौजूद माल-जेवर छीन लिए गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ उप निरीक्षक सुनील चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली। इसके बाद गुरवेंद्र ने थाना उसावा में लिखित तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
उप निरीक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के साथ ही मारपीट और माल-जेवर छीनने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस