बदायूं
सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी रामेश्वर को भावभीनी विदाई, नगर पंचायत अध्यक्ष ने की सेवाओं की सराहना
केशव गुप्ता
उसावां। नगर पंचायत उसावां में लंबे समय तक सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाई कर्मचारी रामेश्वर के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका अनिल सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारी को सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामेश्वर ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। नगर पंचायत के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
विदाई समारोह के दौरान नगर पंचायत परिवार की ओर से रामेश्वर को सम्मानित किया गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने कार्य को प्राथमिकता दी और साथी कर्मचारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखा।
समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों एवं नगर पंचायत कर्मचारियों ने रामेश्वर को शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवानिवृत्त जीवन को सुखमय बनाने की कामना की।
इस अवसर पर किशोर कुमार सिंह चौहान, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश मिश्रा, विकास मिश्रा, आशीष प्रताप और विमला देवी सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने रामेश्वर को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


