बदायूं
युवाओं में राष्ट्रभाव जगाने का आह्वान, संतोष कुमारी पाठक महाविद्यालय में आरएसएस का युवा संवाद आयोजित
केशव गुप्ता
दातागंज। ग्राम गूरा बरेला स्थित श्रीमती संतोष कुमारी पाठक महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। वक्ताओं ने युवाओं को जागरूक, अनुशासित और संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएसएस के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है। युवाओं को अपनी शक्ति, प्रतिभा और जिम्मेदारियों को पहचानकर उनका सकारात्मक उपयोग राष्ट्रहित में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में अग्रणी स्थान दिलाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
विभाग कार्यवाह जगजीवन राम ने कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य दो पीढ़ियों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। युवा अपनी सोच और चुनौतियों को वरिष्ठ पीढ़ी के सामने रखें और उनके अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि निरंतर संवाद से समाज को नई दिशा मिल सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि युवा किसी भी देश की रीढ़ होते हैं और देश का भविष्य उनकी सोच, जागरूकता और कार्यक्षमता पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित की भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, जागरूकता और देश के प्रति युवाओं के कर्तव्यों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति में अपार क्षमता है। सही दिशा और सकारात्मक सोच के साथ युवा समाज और देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
इस अवसर पर तहसील प्रचारक पवन भारत, महाविद्यालय के निदेशक अंकित पाठक, कंचन सिंह, अनिरुद्ध कुमार, रघुबीर कश्यप, अंशुमान, पवन दुबे, दीपक मिश्रा, शिवम पांडे, हर्ष, अंकित गुप्ता, मनोज शर्मा, कौशल शर्मा, संजीव सागर, मुकेश प्रधान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


