8:13 pm Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

गाय को बचाने के चक्कर में बोलेरो से भिड़ी बाइक, 70 वर्षीय महिला की मौत; पोता घायल

बदायूं

गाय को बचाने के चक्कर में बोलेरो से भिड़ी बाइक, 70 वर्षीय महिला की मौत; पोता घायल

केशव गुप्ता

बदायूं। थाना उसहैत क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका पोता घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कुंवरगांव निवासी बिटोली देवी (70) पत्नी रामसहाय राठौर अपने पोते कुलदीप राठौर (25) पुत्र भूदेव सिंह के साथ बाइक से कुंवरगांव से अपने मायके ग्राम बघौरा, थाना हजरतपुर जा रही थीं। सोमवार 31 अगस्त 2026 को शाम करीब पांच बजे उनकी बाइक गोतरा से लगभग 400 मीटर आगे हजरतपुर रोड पर पहुंची थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में बाइक सामने से आ रही अज्ञात बोलेरो से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठी बिटोली देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी म्याऊं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बिटोली देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक चला रहे उनके पोते कुलदीप राठौर को भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस