5:10 pm Monday , 31 August 2026
BREAKING NEWS

गौशालाओं में अव्यवस्थाओं के खिलाफ विकास भवन में गरजे गौरक्षक

पशुपालन विभाग पर लापरवाही के आरोप, राष्ट्रीय बजरंग दल ने सीडीओ को सौंपा शिकायत पत्र
बदायूं। जिले की गौशालाओं में गोवंश के रखरखाव, उपचार और संरक्षण को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं गौरक्षकों ने सोमवार को विकास भवन बदायूं में धरना देकर अपनी नाराजगी जताई। संगठन की ओर से पशुपालन विभाग पर गौशालाओं की व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए गए।
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी, बदायूं को शिकायत पत्र सौंपकर गौशालाओं की व्यवस्थाओं की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। शिकायत पत्र में गोवंश के रखरखाव, उपचार, चारा, टैगिंग, रिकॉर्ड एवं गौशालाओं के निरीक्षण सहित कई बिंदुओं को उठाया गया है।
शिकायत पत्र में मांग की गई है कि सड़क पर रहने वाले गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए, जिससे सड़क हादसों में मानव जीवन और गोवंश दोनों की सुरक्षा हो सके। साथ ही सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने तथा उनकी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई गौशालाओं में गोवंश को पर्याप्त चारा उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने मांग की कि गोवंश को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराया जाए और बीमार एवं कमजोर गोवंश के उपचार की उचित व्यवस्था हो।
शिकायत में पशु चिकित्सकों द्वारा गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किए जाने, बीमार पशुओं के उपचार का रिकॉर्ड तैयार करने तथा दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार एवं संरक्षण की व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई। संगठन ने गोवंश की टैगिंग और सरकारी अभिलेखों में दर्ज संख्या का गौशालाओं में मौजूद गोवंश से मिलान कराने की मांग उठाई।
इसके अलावा गौशालाओं में भूसा बैंक की व्यवस्था, हरे चारे की उपलब्धता तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की शिकायतों की जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि गौशालाओं से संबंधित रिकॉर्ड और गोवंश की वास्तविक संख्या की जांच पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे आंदोलन करने का निर्णय ले सकता है। पत्र में संबंधित अधिकारियों को शिकायत की प्रतियां भी भेजी गई हैं।
धरने एवं प्रदर्शन के दौरान पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा, विभाग महामंत्री अतुल बजरंगी, जिला अध्यक्ष करन दक्ष, जिला महामंत्री ऋतिक गुप्ता, श्याम शर्मा, दीपेश, सुनील यादव, शिवम सनातनी, अजय राजपूत, अंकेश, विकास कुशवाहा, विकास राजपूत, अनमोल, सुशील शर्मा और लालसिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस