बदायूं
तेज रफ्तार कैंटर ने दो गोवंशों को मारी टक्कर, एक की मौत से मचा हड़कंप—एसडीएम के आश्वासन पर खुला हाईवे जाम
केशव गुप्ता
उसावां में हादसे के बाद आक्रोश, प्रशासन ने सड़क पर गोवंश न दिखने का दिया भरोसा; पुलिस ने चालक समेत कैंटर पकड़ा
उसावां। थाना उसावां क्षेत्र के नगर उसावां में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ गया।
गोवंशों की हालत देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया। इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर घूमने वाले गोवंशों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए।
सूचना मिलते ही उसावां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल कैंटर चालक को पकड़ लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया। बताया गया कि कैंटर को माता काली मंदिर के पास से पकड़ा गया, जो वर्तमान में थाना उसावां परिसर में खड़ा है।
जाम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक बातचीत के बाद एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में नगर की सड़कों पर गोवंश खुले में दिखाई न दें, इसके लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से अतुल बजरंगी, ऋतिक बजरंगी, शिवम वर्मा, लाल सिंह और पंकज गुप्ता समेत अन्य लोग मौके पर मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हादसे को लेकर नाराजगी जताते हुए गोवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।
प्रशासन के आश्वासन और पुलिस द्वारा चालक व कैंटर को कब्जे में लिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई और जाम खुलने पर हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया। घटना के बाद नगर में सड़क सुरक्षा और खुले में घूम रहे गोवंशों को लेकर प्रशासन की व्यवस्था पर चर्चा तेज हो गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


