12:20 am Friday , 28 August 2026
BREAKING NEWS

श्याम ढाबे के पास आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, चार गंभीर घायल

बदायूं

श्याम ढाबे के पास आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, चार गंभीर घायल

केशव गुप्ता

उसावां। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर श्याम ढाबे के पास गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के बारा कला निवासी हरपाल (40) पुत्र दुर्गपाल सिंह और मोहित (28) पुत्र राजेंद्र सिंह बाइक से श्याम ढाबे पर खाना खाने आ रहे थे। इसी दौरान थाना उसहैत क्षेत्र के गांव नागाशी निवासी शैलेंद्र (18) पुत्र मोर सिंह और रतन (30) पुत्र धनपाल पटना देवकली मंदिर का मेला देखकर बाइक से वापस लौट रहे थे। श्याम ढाबे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके चलते करीब आधे घंटे तक उन्हें सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। सूचना पर भाजपा युवा कार्यकर्ता विकास मिश्रा और सोनू मिश्रा के साथ थाना पुलिस के कांस्टेबल अंकित मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक सुनील चौधरी ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की।
एंबुलेंस का इंतजार लंबा होने पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवाओं ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायलों को बाइक और स्कूटी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. विक्रम सिंह ने चारों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर हुए हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस