उझानी में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकली भोलेनाथ की शाही सवारी, पुरानी अनाज मंडी से उठा आस्था का सैलाब।
उझानी-बदांयू 27 अगस्त।
उझानी के पुरानी अनाज मंडी स्थित प्राचीन शिवराम मंदिर से सावन मास के समापन पर भगवान भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी धूमधाम से निकाली गई। पालकी में सवार होकर बाबा भोलेनाथ ने नगर भ्रमण किया और भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान पूरी नगरी बम-बम भोले और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवारी में उमड़े।
शाही सवारी की शुरुआत शिवराम मंदिर परिसर से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुई। डीजे की भक्तिमय धुनों और ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुई यह दिव्य यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों – मुख्य बाजार, कछला रोड, बाजार कलां साहूकारा, बिल्सी रोड , स्टेशन रोड होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के विसर्जन के बाद मंदिर परिसर में प्रसादी का वितरण किया गया।
यह भव्य आयोजन उझानी के सभी वर्गों के सहयोग से आयोजित किया गया था। शाही सवारी का जगह-जगह विभिन्न समाजों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
शाही सवारी में बाहर से आए कलाकारों द्वारा शिव बारात और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर उझानी कोतवाली पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहा।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


