बदायूं
विद्यालय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बिनावर। आपराधिक आशय से विद्यालय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में थाना बिनावर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को संविलियन विद्यालय ग्राम दियोरीजीत के प्रधानाध्यापक विजय कुमार शर्मा ने थाना बिनावर में तहरीर देकर शिकायत की थी कि एक व्यक्ति ने विद्यालय का वीडियो आपराधिक आशय से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। तहरीर के आधार पर थाना बिनावर में मु0अ0सं0 222/2026, धारा 329(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अजय राठौर पुत्र प्रेमपाल, निवासी ग्राम दियोरीजीत, थाना बिनावर, जनपद बदायूँ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मामराज सिंह मय पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना बिनावर में उक्त मुकदमा ही दर्ज है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


