बदायूं। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बुधवार को संसदीय क्षेत्र बदायूं में जुलूस-ए-मुहम्मदी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने जुलूस-ए-मुहम्मदी में शिरकत कर अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया और सभी को ईद-ए-मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि “ईद-ए-मिलादुन्नबी का मुबारक दिन हम सभी को मोहब्बत, भाईचारे, अमन, इंसाफ और इंसानियत का पैगाम देता है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ने पूरी इंसानियत को आपसी प्रेम, शांति, सद्भाव और जरूरतमंदों की मदद का रास्ता दिखाया। हमें उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि “बदायूं की गंगा-जमुनी तहजीब सदियों से देश के सामने एक मिसाल रही है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। यही आपसी प्रेम और भाईचारा हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत है। हमें हर हाल में इस विरासत को कायम रखना है।”
सांसद जी ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर ही नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का भी अवसर है। उन्होंने सभी से अपील की कि समाज में नफरत और भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो तथा हर व्यक्ति के साथ प्रेम, सम्मान और इंसानियत का व्यवहार किया जाए।
उन्होंने आगे कहा, “आज के समय में समाज को सबसे ज्यादा जरूरत मोहब्बत और भाईचारे की है। हमें एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना चाहिए और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए। यही हमारे देश की खूबसूरती और गंगा-जमुनी संस्कृति की पहचान है।”
इस अवसर पर पूर्व मंत्री/विधायक आबिद रजा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव, फखरे अहमद शोवी, विधायक हिमांशु यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, डॉ. शकील, नगर अध्यक्ष सफीर उद्दीन उर्फ मिल्की, विधानसभा अध्यक्ष अतुल पटेल सहित समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


