6:41 pm Wednesday , 26 August 2026
BREAKING NEWS

सिकरी बवाल में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

बदायूं

सिकरी बवाल में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

केशव गुप्ता

बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को मौके पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ने बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने से रोका था। आरोप है कि इसके बाद भीड़ ने एकजुट होकर पुलिस-प्रशासन पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि फायर सर्विस, एंबुलेंस, पीएसी तथा पुलिस-प्रशासन एवं राजस्व विभाग के वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और मौके पर शांति व्यवस्था कायम की। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी आसफपुर भेजा गया।
मामले में थाना फैजगंज बेहटा पर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मुनेश कुमार, अमरपाल, उदयवीर, मोहित, नेम सिंह, मेघ सिंह, अमन, शिवम और दिनेश, सभी निवासी ग्राम सीकरी, को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की ओर से मौके पर लगातार निगरानी और आवश्यक बल की तैनाती की गई है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े या खंडित किए जाने की प्रसारित सूचना पूरी तरह असत्य और निराधार है।
गिरफ्तार आरोपियों में नेम सिंह और मेघ सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने जारी किया है। मामले में प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

विज्ञापन एक्सप्रेस