बदायूं
सिकरी में शांति कायम, पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर; बाजार खुले, जनजीवन सामान्य
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सिकरी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर उपजे विवाद के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को एडीएम एफआर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने गांव पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि 25 अगस्त को ग्राम समाज की भूमि पर बिना सक्षम अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास की सूचना पर पुलिस-प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी बनाए हुए है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। बाजार व दुकानें खुली हैं, यातायात समेत रोजमर्रा का जनजीवन सामान्य रूप से चल रहा है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


