10:43 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी से 1.40 लाख की वसूली! खुद को भाजपा नेता बताने वाला गिरफ्तार

बदायूं

बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी से 1.40 लाख की वसूली! खुद को भाजपा नेता बताने वाला गिरफ्तार

बदायूं। बलात्कार के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर कथित तौर पर 1.40 लाख रुपये की वसूली करने के मामले ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। धमकी, फोन कॉल और रुपये के लेनदेन की परतें खुलीं तो पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में खुद को भाजपा नेता बताने वाला अमन मयंक शर्मा और उसका साथी अजय शर्मा शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.07 लाख रुपये बरामद करने का दावा किया है।
मुकदमे का डर दिखाकर शुरू हुआ रकम मांगने का सिलसिला
मामला तब सामने आया जब कुंवरगांव थाना क्षेत्र की एक महिला ने एसएसपी कार्यालय में सीओ सिटी को शिकायती पत्र देकर कलेली गांव निवासी विजेंद्र पाल और विनय पर बलात्कार का आरोप लगाया। सीओ सिटी ने प्रकरण की जांच शुरू की। इसी दौरान आरोप है कि मामले में नाम आने के डर से विजेंद्र से रकम की मांग शुरू हो गई।
मुकदमे के अनुसार संतोष ने पहले मना किया, लेकिन अजय, अंकुर और अमन द्वारा बार-बार फोन करके जेल भेजने की धमकी दिए जाने का आरोप है। धमकियों से परेशान होकर विजेंद्र ने कथित तौर पर अलग-अलग माध्यमों से रकम जुटाई।
पहले अपने पीएनबी खाते से 70 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद 19 अगस्त को एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 40 हजार रुपये निकाले गए। इसके अलावा 15 हजार रुपये यूपीआई के जरिए पेट्रोल पंप से और 15 हजार रुपये घर से लाकर दिए गए। इस तरह कुल रकम 1 लाख 40 हजार रुपये तक पहुंच गई।
सीओ सिटी के नाम पर भी रकम देने का भरोसा!
सबसे गंभीर आरोप यह सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर यह भरोसा दिलाया कि रकम देने के बाद सीओ सिटी को रुपये देकर मामले से बचा लिया जाएगा। यानी बलात्कार के मुकदमे का डर दिखाकर रकम वसूलने का पूरा मामला पुलिस की जांच के दायरे में आ गया।
मामले की भनक अधिकारियों को लगी तो संतोष को बुलाकर पूरी जानकारी ली गई। संतोष ने अधिकारियों को घटनाक्रम बताया और तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पूछताछ में खुली रकम वसूली की कहानी
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने अमन मयंक शर्मा और अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 7 हजार रुपये बरामद किए हैं।
अब पुलिस इस पूरे मामले में रकम के लेनदेन, धमकी देने और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। तीसरे आरोपी की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
एक महिला की शिकायत से शुरू हुई जांच ने कथित तौर पर धमकी देकर रकम वसूलने के मामले का खुलासा कर दिया। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि 1.40 लाख रुपये की इस कथित वसूली के खेल में और कौन-कौन लोग जुड़े थे।

विज्ञापन एक्सप्रेस