बिसौली। नगर के इनरव्हील क्लब द्वारा रोटरी दिनेश मधु आई हॉस्पिटल पर तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसमें क्लब की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मेंहदी एवं राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। आयोजन के दौरान भगवान श्री कृष्ण को विधिवत 56 भोग अर्पित किया गया। कई सदस्यों ने आकर्षक गोपी वेशभूषा धारण की, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बरसाने से आई कृष्ण एवं राधा भक्ति कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक भजन और झूला उत्सव रहा। मधुर भजनों पर सदस्यों ने राधा कृष्ण के साथ झूला उत्सव का आनंद लिया और नृत्य किया जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया। तीज के उल्लास, राधा कृष्ण की भक्ति और पारंपरिक रंगों से सजे इस आयोजन का सभी सदस्यों ने भरपूर आनंद उठाया, जिससे यह यादगार बन गया। इस दौरान मेंहदी एवं राखी बनाओ प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय हर्रायपुर, कस्तूरबा विद्यालय बिसौली एवं प्राथमिक विद्यालय बिसौली के प्रतिभागियों ने भाग लिया। राखी प्रतियोगिता में सलोनी ने प्रथम स्थान वी शिवानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में संध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंशी ने द्वितीय, महक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर भारती अग्रवाल ने सुंदर भजनों एवं भक्तिमय प्रस्तुति के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना वार्ष्णेय ने किया। इस मौके पर क्लब की अध्यक्ष भारती अग्रवाल, सचिव डा. सुविधा माहेश्वरी, ममता अग्रवाल, संयोगिता लता अग्रवाल, रितु अग्रवाल, अनुपम शर्मा, सुरभि शर्मा, मधु गुप्ता, अनुपम गुप्ता, नमिता अग्रवाल, सोनिया अग्रवाल, नीरू, अर्चना वार्ष्णेय, प्रतिभा अग्रवाल, दिव्या आदि उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



