बदायूं
कछला गंगा घाट पर ड्रोन से निगरानी, कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
केशव गुप्ता
‘जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ पुलिस-प्रशासन अलर्ट, एएसपी सिटी ने किया स्थलीय निरीक्षण
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को परखा गया। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घाट और कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी, ड्रोन समेत आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी दिए कड़े निर्देश
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिस एवं यातायात कर्मियों को निर्धारित यातायात व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि कोई भी वाहन अनधिकृत रूप से पुल अथवा घाट की ओर न जाने पाए। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
एएसपी सिटी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कछला समेत पुलिस एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



