5:12 pm Saturday , 22 August 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर कछला गंगा घाट पर सुरक्षा का जायजा, एएसपी ने दिए सख्त निर्देश

बदायूं

कांवड़ यात्रा को लेकर कछला गंगा घाट पर सुरक्षा का जायजा, एएसपी ने दिए सख्त निर्देश

केशव गुप्ता

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को देखा गया। एएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और घाट व कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहे।
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश दिया गया कि बाईपास की ओर नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया कि किसी भी वाहन को अनधिकृत रूप से पुल अथवा घाट की ओर न जाने दिया जाए। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ मार्ग पर पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखें।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कछला सहित पुलिस एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस