2:07 pm Saturday , 22 August 2026
BREAKING NEWS

रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, हजरतपुर थाना क्षेत्र में सड़क पर बह रहा पानी, हादसे का खतरा

बदायूं

रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, हजरतपुर थाना क्षेत्र में सड़क पर बह रहा पानी, हादसे का खतरा

केशव गुप्ता

बदायूं। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से हजरतपुर थाना क्षेत्र में हजरतपुर-गढ़िया रंगीन मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। हर्रामपुर गांव के पास रामगंगा का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर गहरी खुदाई और जलभराव के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
रामगंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद हर्रामपुर गांव के पास सड़क पर पानी पहुंच गया है। पानी सड़क के ऊपर से बहने के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ रहा है। वहीं सड़क के दोनों ओर गहरी खुदाई और पानी भरा होने से मार्ग की स्थिति का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार ने बताया कि पानी देर रात सड़क पर आया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क के दोनों ओर लकड़ी की बल्ली लगाकर रस्सी बांधी जाएगी, ताकि राहगीरों को रास्ते की स्थिति का पता चल सके और किसी तरह की जनहानि को रोका जा सके।
सूचना मिलने पर हजरतपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दो पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को राहगीरों को सावधानी बरतने और सुरक्षित आवागमन के लिए उचित सलाह देने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की नजर रामगंगा के बढ़ते जलस्तर पर बनी हुई है। राहगीरों से पानी भरे मार्ग पर सावधानीपूर्वक आवागमन करने की अपील की गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस