बदायूं
गंगा के तेज भू-कटान से भुंडी में मचा हड़कंप, 50 बीघा जमीन नदी में समाई; तटबंध पर मंडराया बड़ा खतरा
केशव गुप्ता
बदायूं/उसहैत। उसहैत क्षेत्र के ग्राम भुंडी में गंगा नदी के तेज भू-कटान ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। देखते ही देखते करीब 50 बीघा कृषि भूमि फसल सहित गंगा में समाहित हो चुकी है। कटान की रफ्तार लगातार बढ़ने से अब ग्रामीणों को सबसे बड़ा डर तटबंध की सुरक्षा को लेकर सता रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र श्रीवास्तव, दातागंज एसडीएम विनोद कुमार सिंह तथा बाढ़ खंड के अधिकारियों ने भुंडी गांव पहुंचकर कटान स्थल और तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा के बढ़ते जलस्तर और कटान की स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। राजस्व विभाग के कानूनगो व लेखपालों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कानूनगो भगवानदास, लेखपाल अमित कुमार, सत्यदेव सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
कई किसानों की जमीन गंगा में समाई
भू-कटान की चपेट में कई किसानों की कृषि भूमि आ चुकी है। लोकपाल ठाकुर की करीब 10 बीघा, जयपाल वाल्मीकि, लालाराम व रामपाल की कुल 12 बीघा, राम सिंह व श्याम सिंह की 18 बीघा में से करीब 5 बीघा, वीरेश, राजेश व पुष्पेंद्र की 5 बीघा तथा जयवीर और लालाराम की 2 बीघा जमीन कट चुकी है। वहीं मोरपाल, बेचे और रक्षपाल की पूरी 7 बीघा कृषि भूमि भी नदी में समा गई। मदन की करीब 3 बीघा जमीन धान की फसल, यूकेलिप्टिस के पेड़ों और अन्य फसलों सहित गंगा की धारा में बह गई।
हर दिन तटबंध के करीब पहुंच रहा कटान
ग्रामीणों के मुताबिक गंगा की धारा में घुमाव के कारण कटान तेजी से हो रहा है। 19 अगस्त को कटान तटबंध से करीब 400 मीटर दूर था, जो 20 अगस्त को घटकर 300 मीटर और अब करीब 250 मीटर रह गया है। महज दो दिनों में कटान का तटबंध के करीब पहुंचना ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि कृषि भूमि का नुकसान तो लगातार हो ही रहा है, लेकिन यदि कटान इसी गति से जारी रहा तो तटबंध भी गंगा की चपेट में आ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते प्रभावी कदम उठाकर कटान रोकने और तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि खतरे को देखते हुए जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



