बदायूं
उझानी डाकघर पर आधार के लिए हाहाकार: हफ्ते भर के टोकन लेने, सुबह 4 बजे से लगती है लाइन।
केशव गुप्ता
एक ही केंद्र होने से हफ्ते में सिर्फ 150-200 काम, दिहाड़ी छोड़कर लाइन में लगे मजदूर, DM से दूसरे केंद्र की मांग।
उझानी (बदायूं) 21 अगस्त ।
उझानी नगर में आधार कार्ड बनवाना किसी जंग से कम नहीं रह गया है। वजह है पूरे नगर में डाकघर ही इकलौता आधार केंद्र होना। उस पर भी व्यवस्था ऐसी कि पूरे सप्ताह के टोकन एक ही दिन बांटे जाते हैं, और एक दिन में सिर्फ 30 से 40 लोगों के ही काम हो पाते हैं। इसी कारण टोकन लेने के लिए लोगों को सुबह 4 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है।
नया आधार, आधार में सुधार या बच्चों का नामांकन, हर काम के लिए लोगों के पास डाकघर के अलावा कोई विकल्प नहीं है। टोकन वितरण वाले दिन हजारों की भीड़ उमड़ पड़ती है। टोकन पर तारीख लिखकर दी जाती है, लोगों को उसी तारीख पर आना होता है। भीड़ ज्यादा होने से रोज धक्का-मुक्की, घंटों इंतजार और हंगामे के हालात बन रहे हैं। कई लोगों को 2 से 3 दिन तक चक्कर काटने के बाद भी टोकन नहीं मिल पा रहा है।
दिल्ली में नौकरी करने वाले छतुइया गांव के राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनके आधार में गड़बड़ी है। तीन दिन से आ रहे हैं, लेकिन रोज 30-40 लोगों के बाद सिस्टम बंद हो जाता है। नंबर नहीं आ पा रहा है, कंपनी से छुट्टी लेना भारी पड़ रहा है।
झब्बू नगला के रामेश्वर और दीनदयाल ने बताया कि बच्चों का आधार बनवाने के लिए टोकन लेने आए थे। घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन सप्ताह की लिमिट खत्म होने की बात कहकर टोकन नहीं दिया गया। आधार बनवाना मुश्किल हो गया है, ऊपर से दिहाड़ी भी गई।
रामश्री देवी ने बताया कि बेटी के आधार में सुधार कराना है, टोकन लेने आई थीं, लेकिन भीड़ और धक्का-मुक्की में टोकन मिलना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उझानी में एक और आधार केंद्र खोला जाए, ताकि एक ही केंद्र पर निर्भरता और रोजाना 30-40 टोकन की लिमिट की समस्या खत्म हो सके और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को राहत मिल सके।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



