5:42 pm Friday , 21 August 2026
BREAKING NEWS

कछला घाट पर डीएम-एसएसपी का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखी

बदायूं

कछला घाट पर डीएम-एसएसपी का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखी

केशव गुप्ता

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बदायूं श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कछला गंगा घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें।
अधिकारियों ने यातायात सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी श्री प्रवीन कुमार, कछला चौकी प्रभारी अविनाश पुंडीर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस