बदायूं
उसावां में पुलिस मुठभेड़: जेब काटकर एक लाख रुपये उड़ाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल, तीन तमंचे, कारतूस और 26,750 रुपये बरामद
बदायूं। थाना उसावां पुलिस और थाना हजरतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंस बेचकर लौट रहे व्यक्ति की जेब काटकर एक लाख रुपये चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में तीनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, एक आरक्षी भी गोली लगने से घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र रतन सिंह निवासी ममापुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद, रोकी पुत्र सौकीन उर्फ अंतराम निवासी ममापुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद तथा सुरजीत पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम लकुला थाना कादरीगेट, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।
हजरतपुर रोड पर लूट की फिराक में खड़े थे आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हजरतपुर रोड स्थित सिद्धराज मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर उसावां और हजरतपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में आरक्षी राजू के दाहिने हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गौरव के दाहिने पैर, रोकी के बाएं पैर और सुरजीत के दाहिने पैर में गोली लगी। तीनों घायल आरोपियों और घायल आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया।
18 जुलाई की घटना का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति भैंस बेचकर टेंपो से जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी जेब काटकर उसमें रखे करीब एक लाख रुपये पार कर दिए थे। मामले में थाना उसावां पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ही 18 जुलाई को भैंस बेचकर जा रहे व्यक्ति की जेब काटकर रुपये चोरी किए थे और घटना के बाद वे दोबारा लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
तीन तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, सात जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और 26,750 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपचार के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उसावां मय पुलिस टीम और थानाध्यक्ष हजरतपुर मय पुलिस टीम शामिल रही।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



