बदायूं
बिल्सी में त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
बिल्सी, बदायूं 20 अगस्त ।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को बिल्सी कोतवाली प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजेश कुमार सिंह और सीओ आलोक सिद्धू ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी और ईद-उल-मिलादुन्नबी (मिलाद-उन-नबी) पर्वों की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी नगरवासियों से त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
नगर पालिका और संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान नगर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी समुदायों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
इस मौके पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर, सौरभ वार्ष्णेय, दीपक चौहान, मौलाना असरारुल हक, हैदर अली, अफजाल खान, मुजाहिद खान, मुनीश कुरैशी आदि लोग मौजूद रहे।
अमन वार्ष्णेय

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



