कुंवरगांव संवाददाता
कुंवर गांव बदांयू । शहीद भगत सिंह नवादा चौकी क्षेत्र में डग्गामार बसों के संचालन और सवारियां भरने को लेकर विवाद मंगलवार रात मारपीट तक पहुंच गया। चौकी के नजदीक बताए जा रहे अवैध बस स्टैंड पर दो बस संचालक गुटों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने बस में घुसकर हमला किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नवादा क्षेत्र से बद्दी, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ बसें निर्धारित बस अड्डों के बजाय सड़क किनारे से सवारियां भरती हैं। इन बसों के परमिट और दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए जाते रहे हैं।
चौकी के पास स्टैंड, निगरानी पर सवाल
चौकी से कुछ दूरी पर कथित अवैध बस स्टैंड संचालित होने को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सवारियां भरने को लेकर पिछले एक वर्ष में कई बार विवाद हो चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
डग्गामार बसों के संचालन को लेकर स्थानीय स्तर पर कथित ‘महीना सिस्टम’ के आरोप भी लगाए जाते रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ लोगों का दावा है कि कार्रवाई के बाद भी कुछ समय में व्यवस्था फिर पहले जैसी हो जाती है।
दो सिपाहियों की भूमिका के आरोप
सूत्रों के हवाले से चौकी के दो सिपाहियों की कथित भूमिका को लेकर भी आरोप सामने आए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
वैध परमिट लेकर बस चलाने वाले संचालकों का कहना है कि नियमों का पालन करने वालों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, जबकि कथित डग्गामार बसें मनमाने स्थानों से सवारियां उठा रही हैं।
कार्रवाई की मांग
लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए पुलिस तथा परिवहन विभाग को नियमित जांच कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग इस पूरे मामले की जांच कर डग्गामार बसों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाते हैं या फिर मामला कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाता है।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



