बदायूं
24 घंटे में लूट का खुलासा: दातागंज पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, मोबाइल-नकदी और वैगनआर बरामद
केशव गुप्ता
बदायूं। दातागंज थाना पुलिस ने लूट की घटना का 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 10,200 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को म्याऊं निवासी नेत्रपाल की गाड़ी को डहरपुर टोल प्लाजा के पास चार अज्ञात लोगों ने रोक लिया था। आरोपियों ने गाड़ी सीज कराने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने जबरन 19,200 रुपये नकद, 800 रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराए और मोबाइल फोन लूट लिया।
मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी दातागंज के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान दो आरोपियों को चिह्नित किया।
20 अगस्त को पुलिस ने बसेला तिराहा से हरिओम मथुरिया पुत्र रामसरन निवासी नाहर खां सराय, लालपुल चौराहा और यश जोशी पुत्र सुभाष चंद्र जोशी निवासी मोहल्ला जोशी, चौधरी सराय, बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 10,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद हुई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 309(6) बीएनएस का लोप करते हुए धारा 310(2) बीएनएस की वृद्धि की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दातागंज वेदपाल सिंह मय पुलिस टीम शामिल रही
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



