बदायूं
स्कूल गई 16 वर्षीय छात्रा लापता, कासगंज के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
केशव गुप्ता
उसहैत। थाना उसहैत क्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कासगंज जिले के सिंकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के नरदौली निवासी एक युवक छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत मिलने के बाद थाना उसहैत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 18 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे उसहैत स्थित एक निजी स्कूल पढ़ने गई थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बाद में उसहैत के ही एक व्यक्ति की मदद से परिजनों को जानकारी मिली कि कासगंज जिले के सिंकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के नरदौली निवासी एक युवक छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। बेटी के लापता होने से परेशान पिता ने थाना उसहैत पहुंचकर पुलिस से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई।
मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक संजय गौड़ ने बताया कि पीड़ित पिता से प्राप्त प्रार्थना पत्र और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम नाबालिग छात्रा और आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



