1:32 am Wednesday , 19 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव पुलिस पर ‘फर्जी बरामदगी’ का आरोप, युवक ने वायरल वीडियो में खोली परतें

कुंवरगांव। थाना पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। गांव पनौटा निवासी कृपाल पुत्र टोडी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसे पहले शराब ठेके के पास से पकड़कर थाने लाया गया और फिर कथित तौर पर फर्जी तरीके से शराब बरामदगी दिखाकर मुकदमे में फंसा दिया गया।

युवक के अनुसार पुलिस ने उसे कसेर स्थित शराब ठेके के पास शराब पीते हुए पकड़ा था, जिसके बाद करीब एक घंटे तक थाने में बैठाकर रखा गया। आरोप है कि शाम के समय पुलिसकर्मी उसे साईं मंदिर के पास ले गए और उसके हाथ में एक थैला पकड़ाकर दौड़ते हुए वीडियो बनाया गया, ताकि बाद में उसे “शराब तस्करी” जैसा मामला दिखाया जा सके।

कृपाल का आरोप है कि उसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ 15 पौआ शराब बरामद दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया। इतना ही नहीं, देर रात थाने से ही उसकी जमानत भी कर दी गई। घर पहुंचने के बाद युवक ने परिजनों को पूरी घटना बताई और फिर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी कार्यवाही पर सवाल खड़े कर दिए।

वीडियो में युवक ने सिपाही गौरव शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया और पूरी कहानी वीडियो बनाकर तैयार की गई। युवक का यह भी कहना है कि वह अपने एक साथी के साथ केवल शराब का पौआ खरीदकर लौट रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे “बरामदगी” का रूप दे दिया।

मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तीखी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि युवक के आरोप सही हैं तो क्या पुलिस अब वीडियो बनाकर मुकदमे तैयार करने लगी है?

हालांकि इस संबंध में थाना पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस