11:06 pm Tuesday , 18 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव।स्थानीय पुलिस से नहीं मिली राहत

कुंवरगांव।बदायूं थाना क्षेत्र के गांव खासपुर में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़ित परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि थाना स्तर पर सुनवाई न होने के कारण उन्हें न्याय की गुहार लेकर आज शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचना पड़ा।

गांव निवासी प्रमोद पुत्र वेदराम ने थाना कुंवरगांव में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव का एक युवक आए दिन महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्रता करता है। आरोप है कि 6 मई की सुबह करीब पांच बजे आरोपी ने शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और परिवार को गांव छोड़ने तक की धमकी दी।

पीड़ित के अनुसार कुछ देर बाद आरोपी अपने पिता व अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंच गया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के कई लोग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

परिवार का आरोप है कि घटना के बाद थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित परिवार ने आज शनिवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस