कुंवरगांव। कस्बे के साप्ताहिक बाजार स्थल पर इन दिनों हरी मटर की अस्थायी मंडी सज रही है। शाम होते ही मटर से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और अन्य छोटे-बड़े वाहन बड़ी संख्या में पहुंचने लगते हैं। बाजार चौराहे से थाने तक मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात प्रबंधन को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इसी बीच बुधवार शाम क्षेत्र के गांव हरनाथपुर में मटर लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक क्रिश, पुत्र श्रीकृष्ण, गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चालक वाहन को पीछे कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने ले आई। घायल बालक को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बे में लग रही मटर मंडी में किसानों से कम दामों पर उपज खरीदी जा रही है। कई व्यापारियों के पास वैध पंजीकरण न होने की भी चर्चा है। किसानों और व्यापारियों के बीच रेट को लेकर कहासुनी व विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं। क्षेत्र में चोरी-लूट की आशंका को लेकर भी लोग चिंता जता रहे हैं।
बताया जाता है कि 10 फरवरी को कादर चौक थाना क्षेत्र के दुर्जन नगला निवासी किसान आशीष पुत्र पुजारी लाल का भी मटर के दाम को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद मारपीट की नौबत आ गई थी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
कस्बे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ई-रिक्शा, ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और छोटे मालवाहक वाहन इकट्ठा हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वाहनों से कथित रूप से वसूली किए जाने की भी चर्चा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे करते समय एक 10 वर्षीय बालक घायल हुआ था। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। घायल को परिजनों के साथ जिला अस्पताल भेजा गया है।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



