9:00 pm Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

बदला ट्रेंड – हाईटेक साइकिल का बढ़ा क्रेज, बिक्री भी हो गई डबल

उझानी बदांयू 13 दिसंबर।

जिले में पिछले दो वर्षों के भीतर साइकिल बाजार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। पहले जहां बाजार में साधारण साइकिलें ही ग्राहकों की पहली पसंद होती थीं, वहीं अब युवाओं में हाईटेक साइकिलों का क्रेज बढ़ रहा है।

साइकिल व्यापारियों के अनुसार दो साल पहले तक जहां महीने भर में 10-20 हाईटेक मॉडल की बिक्री होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 50-75 तक पहुंच गई है। कई दुकानों पर स्टॉक आते ही मॉडल तुरंत बिक जाते हैं।

व्यापारियों का मानना है कि फिटनेस ट्रेंड, मॉडर्न डिजाइन, टिकाऊपन और ऑफ-रोड चलाने की क्षमता युवा पीढ़ी को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक स्थित दुकानों पर हर दिन ग्राहक नए फीचर्स वाली साइकिलों की पूछताछ कर रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि हाईटेक साइकिलों की मांग अब साधारण मॉडलों की तुलना में लगभग दोगुनी हो चुकी है। बाजार में अब ऐसे मॉडल तेजी से बिक रहे हैं, जिनमें हाइड्रॉलिक शॉकर, फ्रंट एवं रियर डिस्क ब्रेक, मल्टी-गियर सिस्टम, मैग्नीशियम एलॉय रिम, एलईडी लाइटिंग, स्टाइलिश बॉडी और चौड़े टायर जैसी खूबियां शामिल हैं।

दुकानदार सन्नी सचदेवा बताते हैं कि युवाओं का रुझान एडवेंचर लुक और कंफर्ट फीचर्स वाली साइकिलों की तरफ ज्यादा है। यही वजह है कि चार हजार से लेकर 18 हजार रुपये तक की रेंजर, एलटीवी और गियर वाली साइकिलें धड़ाधड़ बिक रही हैं। वहीं साधारण साइकिलें अब केवल चार से छह हजार रुपये की रेंज में सीमित होकर रह गईं हैं।

स्वास्थ्य व पर्यावरण से साइकिल की तरफ बढ़ा रुझान -केवल फीचर्स ही नहीं, लोग स्वास्थ्य और पर्यावरण को ध्यान में रखकर भी साइकिल खरीद रहे हैं। शहर में बढ़ते ट्रैफिक और पेट्रोल-डीजल के खर्च के बीच युवाओं से लेकर बड़े उम्र के लोग भी साइकिल को एक बेहतर विकल्प मान रहे हैं। सुबह-शाम साइकिलिंग का चलन बढ़ने से हाईटेक और स्टाइलिश मॉडलों की मांग और ज्यादा तेज हो गई है।
अब युवा फीचर्स और लुक को देखकर ही मॉडल चुनते हैं। हाइड्रॉलिक शॉकर, डिस्क ब्रेक और गियर सिस्टम वाली साइकिलें आते ही निकल जाती हैं। हाईटेक मॉडल की बिक्री साधारण साइकिलों की तुलना में बढ़ी है।-मो. असफाक, साइकिल व्यापारी।

युवा मैग्नीशियम एलॉय रिम, चौड़े टायर, एलईडी लाइट और मल्टी-गियर वाली साइकिलों की मांग कर रहे हैं। -सन्नी सचदेवा, साइकिल व्यापारी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस