उझानी में फिर जाम का ‘महाकुंभ’, घंटाघर से स्टेशन तक रेंगते रहे वाहन, पुलिस देखती रह गई!



उझानी बदांयू 7 नवंबर।
कहावत है ना – रोज-रोज चंगी और त्योहार वार…बस वही हाल आज उझानी का हो गया।
त्योहार का दिन, बाजार में पैर रखने की जगह नहीं, और सड़क पर जाम ही जाम। घंटाघर चौराहा से लेकर आफाक तिराहा, बिल्सी रोड, सब्जी मंडी और स्टेशन रोड तक… जहां देखो वहीं गाड़ियां फंसी, ई-रिक्शा अटके, बाइक वाले हॉर्न बजाते रहे और पैदल चलने वाले पसीने में तर-बतर होते रहे।
कल जब डीएम और एसएसपी साहब निरीक्षण पर आए थे, तब तो सब-कुछ एकदम ओके-ओके नजर आ रहा था। सड़क खाली, पुलिस मुस्तैद, व्यवस्था चकाचक। लेकिन आज जैसे ही साहब गए, वैसे ही असली तस्वीर सामने आ गई।
आज कोतवाली पुलिस का ढीलापन साफ नजर आया। गिने-चुने पुलिस कर्मी थे, वो भी जाम खुलवाने में नाकाम रहे। दिन में एक बार नहीं, कई-कई बार जाम लगा। लोग घंटों फंसे रहे, लेकिन जाम खुलवाने वाला कोई नहीं था।
सब्जी मंडी में सब्जी लेने आए लोग जाम में फंस गए। महिलाएं बच्चों को लेकर घंटों खड़ी रहीं। एंबुलेंस जैसी गाड़ियों को भी रास्ता नहीं मिला। दुकानदार बोले – साहब, हर त्योहार पर यही कहानी है। पुलिस सिर्फ निरीक्षण वाले दिन दिखती है।
जब अफसर आते हैं तब व्यवस्था क्यों ठीक हो जाती है और उनके जाते ही क्यों बिगड़ जाती है? क्या उझानी की जनता को सिर्फ दिखावे की व्यवस्था मिलेगी?
फिलहाल तो उझानी वाले यही कह रहे हैं – जाम से निजात कब मिलेगी, ये तो भगवान ही जाने!
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com