बिसौली। शनिवार को मतदाता बूथ दिवस पर उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एक दर्जन से अधिक बूथों का जायजा लेकर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों और व्यवस्थाओं की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथों पर मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम जोड़ने, संशोधन तथा विलोपन से संबंधित प्रपत्रों व अभिलेखों की जांच की। उन्होंने बीएलओ से संवाद कर कार्य में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी ली और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी दावे-आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निर्देशित किया गया। एसडीएम प्रियंका गोयल ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी बीएलओ निर्धारित समय में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने, संशोधन व अन्य कार्यों को पूरी पारदर्शिता व तत्परता से पूरा करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान संबंधित राजस्व व निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com