बिसौली -घर में घुसकर पुत्रवधु को पीटा — गाली का विरोध किया तो लाठी-डंडों से मारकर सिर फोड़ा।
बिसौली (बदायूं) 28 नवंबर।
गांव बेहटा कोड़ा में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 4 पड़ोसियों ने हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर पुत्रवधु को जमीन पर गिराकर पीट दिया। मारपीट में पुत्रवधु के शरीर में जगह-जगह गुम चोटें आईं और सिर में खुली चोट आई। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बेहटा कोड़ा, थाना बिसौली निवासी सुरेश पुत्र अनोखे सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बिसौली को दी तहरीर में बताया कि 27 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की बात है। उनके गांव के पड़ोसी मुकेश व हेतराम व चरन सिंह व राजेन्द्र पुत्रगण हीरालाल अपने हाथों में लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुसकर गंदी-गंदी गालियां देने लगे।
आरोप है कि जब सुरेश की पुत्रवधु द्रौपा पत्नी रुपेन्द्र ने उक्त लोगों की गालियों का विरोध किया तो उक्त सभी ने पुत्रवधु को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों व लाठी-डंडों से मारा-पीटा। मारपीट में पुत्रवधु के शरीर में जगह-जगह गुम व सिर में खुली चोटें आईं।
पुत्रवधु की चीख-पुकार सुनकर आस-पास मोहल्ले के लोगों को आता देखकर उक्त सभी लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सुरेश ने बताया कि उन्हें अपनी जान-माल का खतरा है।
पीड़ित ने 27 नवंबर को ही थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक योगेन्द्र पाल सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com