9:53 pm Friday , 27 November 2026
BREAKING NEWS

बदांयू -विधवा बुजुर्ग महिला के प्लॉट पर भू-माफिया की नजर

बदांयू -विधवा बुजुर्ग महिला के प्लॉट पर भू-माफिया की नजर — रात में चारदीवारी तोड़कर बैटरा, पंखा और सोलर प्लेट चोरी।

रिटायर दरोगा बनकर धमकी भरे फोन का भी आरोप।

बदायूं 27 नवंबर ।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग विधवा महिला के प्लॉट पर कब्जे का प्रयास और चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि भू-माफिया किस्म के लोग लंबे समय से प्लॉट पर जबरन रास्ता निकालने और कब्जा करने की फिराक में हैं। रात में अज्ञात लोगों ने प्लॉट की चारदीवारी तोड़ दी और अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।

मकान संख्या 367, सिविल लाइन, डीएम रोड निवासी श्रीमती महादेवी (66), विधवा स्वर्गीय हेमपाल सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी दो पुत्रियां करुणा और हेमलता हैं, जिनका विवाह हो चुका है। उनका कोई पुत्र नहीं है। वह एक बुजुर्ग और बेसहारा महिला हैं।

पीड़िता के मुताबिक, उनके पति स्वर्गीय हेमपाल सिंह पुत्र देशराज सिंह के नाम एक निजी प्लॉट है, जिसका बैनामा उनके नाम दर्ज है। यह प्लॉट आदर्श नगर, गली नंबर-03, अंडर चुंगी, थाना सिविल लाइन में स्थित है।

आरोप है कि उक्त प्लॉट पर कुछ भू-माफिया किस्म के लोगों की काफी समय से गलत नजर रही है और उनके द्वारा प्लॉट पर जबरन रास्ता निकालने तथा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त प्लॉट के संबंध में पूर्व में माननीय न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी पारित किया गया था, लेकिन पति के देहांत के बाद उचित पैरवी न हो पाने के कारण उक्त वाद खारिज हो गया।

श्रीमती महादेवी ने बताया कि 21 सितंबर 2026 की रात्रि में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने प्लॉट की पश्चिम दिशा में बनी चारदीवारी को तोड़ दिया। इसके साथ ही प्लॉट के अंदर बने मकान में रखा एक बैटरा, पंखा तथा सौर ऊर्जा की प्लेट भी चोरी कर ले गए।

पीड़िता का कहना है कि गली में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनके फुटेज से घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा सकती है। इसके अतिरिक्त 16 जून 2026 को एक व्यक्ति ने अपने आप को रिटायर दरोगा बताकर उनके रिश्तेदार के मोबाइल पर कॉल कर वार्ता की थी। उस कॉल से संबंधित कॉल डिटेल प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है।

महादेवी ने आशंका जताई है कि प्लॉट पर जबरन कब्जा करने एवं रास्ता निकालने की नीयत से ही चारदीवारी तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। वह एक वृद्ध एवं बेसहारा महिला हैं और उक्त लोगों के भय के कारण अत्यंत भयभीत हैं। उन्हें अपनी एवं अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका तथा संबंधित व्यक्तियों से जान-माल का खतरा है।

पीड़िता ने बताया कि उसने थाने पर शिकायत की तथा एक प्रार्थना पत्र स्वयं द्वारा रजिस्टर्ड डाक द्वारा श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय बदायूं को दिया, किंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर वह न्यायालय की शरण में आईं।

न्यायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक गौरव तेवतिया को सौंपी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.