12:20 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनकर निस्तारण के निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री कराने एवं 30 नवम्बर तक आलू पंजीकरण कराने की अपील
बदायूँ: 18 नवम्बर। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस का शुभारंभ करते हुए उप कृषि निदेशक ने कृषकों एवं अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि रबी सीजन में गेहूं आदि का बीज प्राप्त करने के इच्छुक किसान अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। चयन होने के उपरांत ही राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज प्राप्त किया जा सकेगा। जिन किसानों के कृषक पंजीकरण में भूमि अंश दर्ज नहीं हुआ है, वे किसी भी कार्य दिवस में उप कृषि निदेशक कार्यालय पहुंचकर भूमि अंश दर्ज करा सकते हैं।
किसान नरव्रेश सिंह निवासी ग्राम करौलिया ने छुट्टा गोवंशों को पकड़वाने के संबंध में जानकारी चाही। इस पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल रहीम ने बताया कि संबंधित खंड विकास अधिकारी को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। जिला उद्यान अधिकारी के प्रतिनिधि ने किसानों से आलू का पंजीकरण 30 नवम्बर 2026 तक अवश्य कराने की अपील की।
किसान रामबाबू यादव ने उसावां में बाजरा क्रय केंद्र नहीं खोले जाने का मुद्दा उठाया। इस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी के प्रतिनिधि ने बताया कि जनपद में धान के 46 तथा बाजरा के 16 क्रय केंद्र खोले गए हैं। तहसील दातागंज में बाजरा के चार क्रय केंद्र खोले जाएंगे। गन्ना क्रय केंद्रों के संबंध में जानकारी मांगने पर जिला गन्ना अधिकारी ने विस्तार से जानकारी दी।
किसान राम औतार मिश्रा निवासी सिलहरी ने प्रातः 6 से 9 बजे तक विद्युत आपूर्ति की समस्या रखी। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम खंड ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति की जा रही है। एफपीओ निदेशक वीरेश तोमर ने सहकारिता विभाग के साथ हुए अनुबंध के संबंध में जानकारी चाही। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता को निर्देश दिए कि सभी एफपीओ की बैठक आयोजित कराई जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस में उपस्थित सभी अधिकारियों को किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में उप कृषि निदेशक ने उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर कृषि, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना, विपणन एवं उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.