बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी स्थित प्रज्ञा यज्ञ मंदिर में रविवार को आर्य समाज का साप्ताहिक सत्संग श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व कल्याण और शांति की कामना के साथ ऋग्वेद के मंत्रों से वैदिक यज्ञ कर किया गया। यज्ञ का संचालन पंडित प्रश्रय आर्य जय ने किया। उन्होंने व्रत, उपवास और पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूजा का वास्तविक अर्थ सत्कार करना, उत्तम व्यवहार करना और धर्मपूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करना है। बाहरी आडंबरों से अधिक महत्वपूर्ण व्यक्ति का सदाचार और श्रेष्ठ आचरण है। अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप ने कहा कि धर्म का कोई सटीक पर्यायवाची नहीं है। धर्म का मूल अर्थ कर्तव्य है। अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और श्रेष्ठता से पालन करने वाला व्यक्ति ही वास्तव में धार्मिक है। केवल धार्मिक चिह्न धारण कर लेने से कोई धार्मिक नहीं बन जाता। उन्होंने कहा कि परोपकार, सदाचार, सेवा, संयम, जितेंद्रियता और सत्य का आचरण ही वास्तविक धार्मिकता के लक्षण हैं। छल-कपट, निंदा और चुगली से दूर रहकर दूसरों के प्रति सद्भाव रखना तथा किसी का हृदय नहीं दुखाना ही सच्चे धर्म का मार्ग है। इस मौके पर सूरजवती देवी, राकेश आर्य, लीलावती देवी, विचित्रपाल सिंह, पंजाब सिंह, नरेश कुमार और संजय सिंह, कौशिकी आर्या, पूर्वशी आर्या, राधिका आर्या और नैवेद पाठक सहित आर्य संस्कारशाला के बच्चे मौजूद रहे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com