11:19 pm Monday , 9 November 2026
BREAKING NEWS

कल अन्नकूट: जब भगवान के सामने लगेगा अन्न का पहाड़, घरों व मंदिरों में गूंजेगा – गोवर्धन महाराज की जय

!

बदांयू 9 नवंबर।

दिवाली की रौशनी अभी बुझी भी नहीं है कि पूरे जिले के शहरों की गलियों में एक और महापर्व की आहट आ गई है। कल, मंगलवार 10 नवंबर को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा मनाई जाएगी। इस बार खास बात ये है कि अन्नकूट दिवाली के ठीक अगले दिन नहीं, बल्कि 2 दिन बाद पड़ रहा है। वजह है तिथियों का गणित।

कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होगी और 10 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के हिसाब से पर्व 10 नवंबर को ही मनाया जाएगा।

शुभ मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक
यही वो समय है जब घर-घर में गोवर्धन महाराज की पूजा होगी, अन्नकूट सजेगा और गायों का पूजन होगा।

—

क्या है अन्नकूट? अन्न का पहाड़ क्यों?

अन्नकूट दो शब्दों से बना है – अन्न + कूट। अन्न यानी भोजन, कूट यानी पहाड़।

मतलब साफ है, इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के सामने भोजन का पहाड़ लगाया जाता है। मंदिरों में 56 तरह के पकवान, घरों में 21, 31 या जितनी श्रद्धा हो उतने पकवान। पूरी, कचौड़ी, खीर, रबड़ी, लड्डू, जलेबी, मालपुआ, दाल, सब्जी, चावल, रायता – सब कुछ एक साथ। पहले भोग लगेगा, फिर वही प्रसाद सब में बंटेगा।

यही अन्नकूट है – कृतज्ञता का पर्व

किसान का अन्न के प्रति, ग्वाले का गाय के प्रति, और भक्त का भगवान के प्रति आभार।

56 भोग की रहस्यमयी कथा

आपने सुना होगा – छप्पन भोग लेकिन 56 ही क्यों?

कथा कहती है, जब श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाया था, तो 7 दिन तक उन्होंने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया। 7 दिन x 8 पहर = 56। ब्रजवासियों ने 7 दिन के छूटे हुए 56 पहर के भोजन को एक साथ अर्पित किया। तभी से 56 भोग की परंपरा चली आ रही है।

वो कथा, जो आज भी रोंगटे खड़े कर देती है

द्वापर युग की बात है। ब्रज के लोग हर साल देवराज इंद्र की पूजा करते थे, ताकि बारिश अच्छी हो, फसल अच्छी हो।

बाल कृष्ण ने कहा – इंद्र को क्यों पूजते हो? तुम्हें चारा, पानी, आश्रय कौन देता है? ये गोवर्धन पर्वत देता है। ये गायें देती हैं। पूजा करनी है तो इनकी करो।

ब्रजवासी मान गए। उन्होंने गोवर्धन की पूजा की, गायों को सजाया।

इंद्र को क्रोध आ गया। उन्होंने मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। ऐसा लगा जैसे प्रलय आ जाएगा।

तब 7 साल के कन्हैया ने अपनी छोटी उंगली पर पूरा गोवर्धन पर्वत उठा लिया। 7 दिन तक पूरा ब्रज, सारी गायें, सारे लोग उसी पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे। अंत में इंद्र को हार माननी पड़ी, और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी।

इसीलिए अन्नकूट सिर्फ पूजा नहीं, प्रकृति का सम्मान है। ये सिखाता है – जिसे पूजते हो, उससे पहले उसकी रक्षा करो जिसने तुम्हें पाला है।

गोवर्धन बनाना: सुबह घर के आंगन , मंदिरों में गोबर या मिट्टी से छोटा गोवर्धन पर्वत बनाया जाएगा। फूलों से सजाया जाएगा, दीप जलाए जाएंगे।
गायों को नहलाकर, माला पहनाकर, तिलक लगाकर पूजन होगा। उन्हें गुड़, हरा चारा खिलाया जाएगा।

अन्नकूट: मंदिरों में सुबह से ही भोग की तैयारी। शहर के मंदिरों में सब्जी पूडी में सबसे भव्य अन्नकूट होगा।

गोवर्धन में लाखों श्रद्धालु 21 किमी की परिक्रमा करेंगे। राधा कुंड में स्नान होगा।

बदायूँ में कैसी रहेगी रौनक?

बदायूँ के मंदिरों में कल सुबह से ही भीड़ उमड़ेगी। कादरचौक, उझानी, सहसवान, बिल्सी, बिसौली – हर जगह अन्नकूट की तैयारी पूरी है। महिलाएं रात से ही पकवान बनाने की तैयारी में जुट गई हैं। बच्चों में गोवर्धन बनाने का उत्साह सबसे ज्यादा है।

पुजारी बताते हैं – इस बार अन्नकूट पर मंगलवार पड़ना और भी शुभ है, क्योंकि ये दिन हनुमान जी और भगवान कृष्ण दोनों की कृपा का दिन माना जाता है।

अन्नकूट हमें याद दिलाता है – अन्न को बर्बाद मत करो।
जिस थाली में खाते हो, उसका सम्मान करो। किसान का पसीना, गाय का दूध, धरती का अन्न – सबका सम्मान ही असली पूजा है।

कल सुबह उठिए, गोवर्धन बनाइए, गाय को प्रणाम कीजिए, और अन्नकूट का प्रसाद बांटिए। क्योंकि जो बांटता है, उसी का घर अन्न से भरा रहता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.