8:26 am Sunday , 29 November 2026
BREAKING NEWS

बसई- सरकारी प्राथमिक विद्यालय में भाजपा का राजनीतिक तमाशा- प्रभात अग्रवाल

सरकारी प्राथमिक विद्यालय में भाजपा का राजनीतिक तमाशा!
पढ़ाई बंद कराकर मासूम बच्चों से ‘कमल खिलाने’ के नारे लगवाये गए,
शिक्षा व्यवस्था की गरिमा तार-तार!
समाजवादी पार्टी के नेता,मुख्य सचेतक,लोक लेखा समिति के सदस्य तथा सांसद धर्मेन्द्र यादव के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब किस स्तर तक गिर चुकी है कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में मासूम बच्चों की पढ़ाई रोककर उनसे पार्टी के नारे लगवाए जा रहे हैं? बिसौली ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर और भाजपा की जिला उपाध्यक्ष सरिता वार्ष्णेय ने भाजपा की कथित राजनीतिक कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।ग्राम बसई,विकासखंड बिसौली,जनपद बदायूं स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई बाधित कर नाबालिग बच्चों से भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के पक्ष में नारे लगवाए गए।उत्तर प्रदेश में पहले से ही 26000 सरकारी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं और जो बमुश्किल बच गए हैं उनमें भाजपा का राजनीतिक ककहरा सिखाया जा रहा है।इस पूरे प्रकरण में विद्यालय के अध्यापकों की भूमिका भी संदिग्ध है,यह केवल शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन नहीं,बल्कि मासूम बच्चों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है।सरकारी स्कूल बच्चों को शिक्षित करने के लिए हैं या पार्टी का प्रचार करने के लिए? क्या अब सरकारी विद्यालयों में पाठ्यक्रम की जगह राजनीतिक नारे पढ़ाए जाएंगे?क्या बच्चों की मासूमियत और उनके भविष्य को भी सत्ता की राजनीति का हथियार बना दिया गया है?भाजपा लगातार शिक्षा,संस्कार और राष्ट्र निर्माण की बातें करती है,लेकिन बसई के प्राथमिक विद्यालय से आया वीडियो इन दावों की पोल खोलते नजर आते हैं।जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए,उस उम्र में उनसे राजनीतिक नारे लगवाना बेहद शर्मनाक है।विद्यालय किसी भाजपा नेता की निजी जागीर नहीं है।सरकारी स्कूल जनता के पैसों से चलते हैं और वहां पढ़ने वाले बच्चे किसी राजनीतिक दल के प्रचारक नहीं हैं।शिक्षा के मंदिर को राजनीतिक अखाड़ा बनाने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती।मासूम बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि बच्चों का भविष्य किसी पार्टी के चुनाव चिह्न से बड़ा है।शिक्षा के मंदिर में राजनीति का झंडा गाड़ने की कोशिश अक्षम्य है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.