बारात के जाम में थमी जिंदगी की सांसें! एक घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, महिला की मौत
केशव गुप्ता
बदायूं। शादी की खुशियों के बीच सड़क पर लगे जाम ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बदायूं-बरेली हाईवे पर सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पर्ल मैरिज लॉन के बाहर बारात के चलते लगे भीषण जाम में एक एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही। एंबुलेंस में सवार लीवर की बीमारी से पीड़ित महिला किरण जिंदगी और मौत के बीच जूझती रहीं, लेकिन उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए रास्ता नहीं मिल सका। परिजनों के मुताबिक, बरेली पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि मैरिज लॉन के बाहर बारातियों के सड़क पर नाचने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। एंबुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन किसी तरह रास्ता नहीं मिल सका। इस दौरान परिजन लोगों से एंबुलेंस को रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, मगर उनकी आवाज जाम के शोर में दबकर रह गई।
बताया जा रहा है कि पर्ल मैरिज लॉन के बाहर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण शादी समारोह में आए लोगों ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए थे। इससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस गया।
मैरिज लॉन संचालक के खिलाफ दी तहरीर
घटना से आहत परिजनों ने मैरिज लॉन संचालक के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने और सड़क पर अव्यवस्था के कारण एंबुलेंस को समय पर रास्ता नहीं मिल पाया। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना ने शादी समारोहों में यातायात व्यवस्था, पार्किंग के इंतजाम और एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक एंबुलेंस जिंदगी बचाने के लिए सायरन बजाते हुए रास्ता मांग रही थी, तब उसे रास्ता क्यों नहीं मिला? क्या इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी, या फिर किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना करना पड़ेगा?
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com