बदायूं बेटे की नौकरी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी — “मंत्री-विधायक से संबंध हैं, मेडिकल कॉलेज में लगवा दूंगा”।
कहकर झांसा दिया, पैसे मांगने पर गाली-गलौज और 50 हजार की और मांग।
बदायूं 27 नवंबर ।
बेटे को मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपी ने मंत्री-विधायक से संबंध होने का झांसा देकर रुपये लिए और पैसे मांगने पर गाली-गलौज कर झूठा मुकदमा लिखाने की धमकी दी।
मोहल्ला बालाजी नगर, थाना सिविल लाइन निवासी राजवीर सिंह (60) ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि आरोपी प्रमोद मिश्रा पुत्र श्रीकृष्ण निवासी मोहल्ला महाराजनगर, थाना सिविल लाइन ने 1 अक्टूबर 2024 को उनसे 3,50,000 रुपये लिए थे। रुपये गवाह उमेश पुत्र रामप्रकाश निवासी सुंदरनगर व प्रार्थी के मोहल्ले के सुनील पुत्र दलवीर सिंह के सामने दिए गए थे।
आरोप के मुताबिक, प्रमोद मिश्रा ने कहा था कि उसके विधायक व कई मंत्रियों से अच्छे संबंध हैं। वह प्रार्थी के लड़के की नौकरी मेडिकल कॉलेज में लगवा देगा, क्योंकि लड़का डी फार्मा किया हुआ है। प्रार्थी ने विश्वास करके उसे रुपये दे दिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी काम नहीं हुआ तो प्रार्थी ने अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी आज-कल करता रहा। 5 सितंबर 2026 को जब प्रार्थी पैसे मांगने गया तो आरोपी गंदी-गंदी गालियां देने लगा और बोला कि तुम मुझे 50,000 रुपये और दो नहीं तो मैं तुम पर झूठा मुकदमा लिखवा दूंगा, क्योंकि मेरा शासन-प्रशासन में बैठना-उठना है।
पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की तहरीर थाना सिविल लाइन पर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को भी प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
न्यायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार नेहवाल को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com