नवागत खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल का शिक्षकों ने किया भव्य स्वागत
केशव गुप्ता
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर दिया जोर, शिक्षक संगठनों ने हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा
उसावां (बदायूं)। उसावां के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल का उसहैत स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय उसहैत प्राचीन में शिक्षकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत समारोह के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से संचालित योजनाओं और विभागीय कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी नवागत खंड शिक्षा अधिकारी को भरोसा दिलाया कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू कराने के लिए शिक्षक संगठन सदैव सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल ने भी शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और शासन से प्राप्त दायित्वों के सफल क्रियान्वयन के लिए शिक्षक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा जताई। इस पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष नंद किशोर पाठक तथा पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मु. कामरान ने उचित कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष योगेश कुमार शाक्य, न्याय पंचायत प्रभारी हेमेंद्र सिंह, जितेंद्र पाल, जीशान खां, पूनम भारद्वाज, मोहम्मद तारिक, नफीस, शैलेंद्र सिंह, कौशल किशोर और देवेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com