बिसौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसडीएम ने पुनरीक्षण अभियान की अब तक की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। एसडीएम प्रियंका गोयल ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। विशेषकर महिला मतदाताओं और दिव्यांगजनों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या फोटो से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि को फॉर्म-8 के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।
उन्होंने कहा कि जो मतदाता दिवंगत हो चुके हैं या स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं, उनका नियमानुसार गहन सत्यापन कर सूची से नाम डिलीट किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एईआरओ अपने-अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन करें और सुनिश्चित करें कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बूथों पर उपस्थित रहें। एसडीएम प्रियंका गोयल ने कहा कि प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। निर्वाचन आयोग के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र नाम सूची में न रहें। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकारण अधिकारी सोहन पाल, एईआरओ राजेश कुमार, एईआरओ पवन कुमार उपस्थित रहे।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com