उझानी- नरऊ में डेंगू का कहर, 30 साल के हिर्देश की मौत, पूरे गांव में मचा कोहराम।
उझानी (बदायूं) 23 नवंबर ।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ में डेंगू ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बीती रात डेंगू की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक हिर्देश कुमार पुत्र हेम सिंह की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
बताते हैं कि गांव में शायद ही कोई घर बचा हो, जहां चारपाई पर बुखार से पीड़ित कोई सदस्य न लेटा हो। हर गली, हर घर में बुखार और डेंगू का खौफ है। लोग दहशत में हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अभी तक गांव तक नहीं पहुंचा है।
नरऊ के बसपा नेता हेम सिंह के युवा पुत्र हिर्देश को तीन-चार दिन पहले बुखार आया था। धीरे-धीरे तबीयत बिगड़ती गई।
हेम सिंह ने बताया कि पहले उझानी के प्राइवेट चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर कल उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बीती रात उसने दम तोड़ दिया।
हिर्देश के पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, पत्नी बेसुध है और मासूम बच्चे अभी समझ भी नहीं पा रहे कि उनके पिता अब कभी नहीं लौटेंगे।
गांव वालों का कहना है कि अगर समय रहते गांव में फॉगिंग, दवा छिड़काव और जांच शिविर लगा दिया जाता तो शायद हिर्देश की जान बच जाती। अब सबकी नजर स्वास्थ्य विभाग पर है — क्या नरऊ में अब भी टीम पहुंचेगी या किसी और की मौत का इंतजार होगा?
—
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com