बदायूं में कल शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉकड्रिल, सायरन बजते ही शुरू होगा आपातकालीन अभ्यास
केशव गुप्ता
बदायूं, 21 नवंबर। जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय से पहले अपनी तैयारियां पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों की भी अहम भूमिका रहेगी।
मॉकड्रिल के दौरान सायरन बजाने, संचार व्यवस्था, सुरक्षित निकासी, भीड़ नियंत्रण और प्राथमिक उपचार जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का अभ्यास किया जाएगा। इसके अलावा एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखना मुख्य उद्देश्य
इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी तालमेल और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को परखना है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी वास्तविक आपातकालीन स्थिति में सभी संबंधित विभाग मिलकर त्वरित एवं प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य संचालित कर सकें।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com