
बरेली 20 नवंबर ।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में गुरुवार को ‘मेंटल रेजिलिएंस – सशक्त मन, सुरक्षित कार्यस्थल, समृद्ध रेलवे’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की।
सेमिनार में श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बरेली की मनोचिकित्सक डॉ. रुपाली रोहतगी और डॉ. अर्चना धनकर ने प्रजेंटेशन के माध्यम से मानसिक दृढ़ता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर बढ़ते दबाव, बदलती कार्यशैली और पारिवारिक चुनौतियों के बीच मानसिक रूप से मजबूत रहना बेहद जरूरी है। मानसिक दृढ़ता ही तनाव और असफलता से उबरकर आगे बढ़ने की ताकत देती है।
कार्यक्रम में तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, कार्य-जीवन संतुलन, बेहतर संवाद, भावनात्मक नियंत्रण, योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली पर चर्चा हुई। कर्मचारियों को बताया गया कि कठिन परिस्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना से काम करें।
डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि रेलवे जैसे बड़े संगठन में कर्मचारियों की मानसिक मजबूती ही सुरक्षित, कुशल और गुणवत्तापूर्ण रेल संचालन की आधारशिला है। मानसिक रूप से स्वस्थ कर्मचारी कार्य में बेहतर प्रदर्शन के साथ परिवार और समाज में भी सकारात्मक माहौल बनाते हैं। उन्होंने सभी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, एक-दूसरे का सहयोग करने और जरूरत पड़ने पर खुलकर बात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूएस नाग के नेतृत्व में हुआ। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने दिया। इस दौरान मंडल के सभी शाखाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com