2:34 am Saturday , 21 November 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी-बिसौली मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, हालत गंभीर

बिल्सी-बिसौली मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, हालत गंभीर

केशव गुप्ता

बदायूं। बिल्सी-बिसौली मार्ग पर शुक्रवार को गिरधरपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी बिल्सी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव जरावन निवासी सुदेश पुत्र अर्जुन अपनी बाइक ठीक कराने के लिए बिल्सी आ रहा था। इसी दौरान गांव का ही राकेश पुत्र कैलाश भी उसके साथ बाइक पर सवार हो गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक बिल्सी-बिसौली मार्ग पर गिरधरपुर मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक घटना से संबंधित ट्रक और चालक को गुधनी गांव के ग्रामीणों ने रोक लिया। पुलिस के मुताबिक ट्रक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.