2:34 am Friday , 20 November 2026
BREAKING NEWS

श्री रघुनाथ जी मंदिर में कल धूमधाम से मनाया जाएगा तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव

श्री रघुनाथ जी मंदिर में कल धूमधाम से मनाया जाएगा तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव, निकलेगी भव्य बारात

बदायूं। देवस्थान श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर, बदायूं में शुक्रवार, 20 नवंबर को तुलसी माता एवं भगवान श्री शालिग्राम जी का पावन विवाह महोत्सव बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे हल्दी एवं मेहंदी की मंगलमयी रस्मों के साथ होगा। मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों रस्में हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराई जाएंगी। इस अवसर पर सभी माताओं एवं बहनों से पीले वस्त्र धारण करके आने का विशेष आग्रह किया गया है। समय के अभाव को देखते हुए माताओं एवं बहनों से अपनी मेहंदी घर पर ही लगवाकर आने का अनुरोध किया गया है, ताकि मंदिर में मेहंदी की रस्म भी विधिवत संपन्न कराई जा सके।

इसके पश्चात सायं 4:30 बजे भगवान श्री शालिग्राम जी की भव्य बारात देवस्थान श्री रघुनाथ जी मंदिर से धूमधाम के साथ प्रस्थान करेगी। बारात नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं मंगल गीतों के साथ बारात में सम्मिलित होकर उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।

बारात के मंदिर पहुंचने के पश्चात भगवान श्री शालिग्राम जी एवं माता तुलसी का पावन विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक विवाह की सभी मंगलमयी विधियों के साथ संपन्न कराया जाएगा। विवाह समारोह में श्रद्धालु भक्तजन मंगल गीतों के माध्यम से इस दिव्य विवाह उत्सव में अपनी सहभागिता निभाएंगे। विवाह उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।

मंदिर की ओर से सभी माताओं, बहनों एवं श्रद्धालु भक्तों से आग्रह किया गया है कि हल्दी एवं मेहंदी की रस्मों में पीले वस्त्र धारण करके तथा बारात एवं विवाह समारोह में सुंदर पारंपरिक एवं उत्सव के अनुरूप वस्त्र पहनकर सपरिवार सम्मिलित हों। साथ ही सभी कार्यक्रमों में निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखें, जिससे समस्त मांगलिक रस्में सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

मंदिर की ओर से समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को इस पावन तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होने का सादर निमंत्रण दिया गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.